रांची: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को राजधानी रांची में मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक छात्र गर्जना रैली निकाली। लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के समर्थन में निकली रैली में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व संयुक्त सचिव वैभव मीणा, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य दिशा दित्या, प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बाबूलाल मेहता सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे। 

अवसर पर मोहराबादी में सभा को संबोधित करते हुए वैभव मीणा ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती-बदलती हैं, सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन से नहीं। SIR का मकसद मतदाता सूची को पारदर्शी बनाना है। अगर किसी दल को गड़बड़ी लगती है तो उसे प्रमाण के साथ संवैधानिक मंच पर बात रखनी चाहिए। निर्वाचन आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्थाओं पर राजनीतिक स्वार्थ से सवाल उठाना ठीक नहीं।

वहीं प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता में लगनी चाहिए। बांग्लादेश और नेपाल के हालात की तुलना भारत से करना गलत है। भारत के युवा लोकतांत्रिक तरीके से समाधान में विश्वास रखते हैं।

केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य दिशा दित्या ने कहा कि SIR मतदाता सूची की शुद्धता के लिए है, ताकि हर योग्य नागरिक का नाम जुड़े और फर्जी नाम हटें। कांग्रेस इस प्रक्रिया पर भ्रम फैला रही है।

यहां से “अराजकता रोको-लोकतंत्र अपनाओ” का नारा लगाते हुए अभाविप कार्यकर्ता अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। जहां देशहित में एसआईआर का समर्थन करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई।