रांची: अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल खिलाड़ी महिमा उरांव के पक्के मकान का सपना साकार होने जा रहा है। जर्जर मिट्टी के मकान में रह रही महिमा को अबुआ आवास योजना से लाभान्वित किया गया है। इसके लेकर गुरुवार को नामकुम प्रखंड कार्यालय में उन्हें स्वीकृति पत्र सौंपा गया। 
नामकुम की प्रखंड विकास पदाधिकारी पिंकी प्रियंका हेमरोम और मुखिया पतरस तिर्की ने महिमा उरांव को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किया। इस मौके पर मुखिया ने कहा कि महिमा ने अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत से पंचायत के साथ पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। पंचायत के प्रतिभावान खिलाड़ियों और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
बताया जाता है कि सोदाग पंचायत निवासी महिमा का मिट्टी का घर काफी जर्जर हो चुका है और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए पंचायत के मुखिया पतरस तिर्की ने रांची के उपायुक्त और नामकुम के प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष आवास उपलब्ध कराने का मामला उठाया था। 
मौके पर कोच मुकेश कंचन, वार्ड सदस्य प्रिया गाड़ी, पंचायत सचिव विक्रम कुमार महतो, जनसेवक एमलेन स्वेता मिंज, सिमोन बखला, विकास बखला, नीलमनी खोया, मेरी नागडुवार, पूनम तिर्की, शिवनाथ बखला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


