रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश की गतिविधियां थमने के बाद सुबह और शाम के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसका असर अब लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 नवंबर को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह हल्की धुंध और कुहासा छाने के बाद दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में सुबह धुंध रहने का अनुमान जताया है। खूंटी, गुमला और लोहरदगा में भी इसका असर रह सकता है। हालांकि, राज्य में घने कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

19 जिलों में शुष्क रहेगा मौसम

6 नवंबर को राज्य के 19 जिलों में बारिश की संभावना नहीं है। इनमें रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

प्रमुख शहरों का संभावित तापमान

रांची : 27/17 डिग्री

पलामू : 29/17 डिग्री

बोकारो : 29/19 डिग्री

जमशेदपुर : 31/20 डिग्री

रामगढ़ : 28/16 डिग्री

हजारीबाग : 26/16 डिग्री

10 नवंबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 7 नवंबर को सुबह कुहासा और दिन में धूप रहने की संभावना है। 8 नवंबर को भी अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं, 9 नवंबर को कुछ जिलों में बादल छाने और 10 नवंबर को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

सुबह और शाम की ठंडक के कारण रांची, पलामू, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में एसी व कूलर का इस्तेमाल कम होने लगा है। हालांकि, दोपहर में जमशेदपुर समेत गर्म इलाकों में धूप का असर बना रह सकता है।

फिलहाल मौसम का रुख शुष्क बना रहने के आसार हैं। सुबह हल्की धुंध और रात के तापमान में गिरावट के साथ राज्य में ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।