रांची: झारखंड में मौसम का रुख अब धीरे-धीरे सर्दियों की ओर बढ़ रहा है। 4 नवंबर को राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 5 नवंबर से मौसम साफ होने और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। मौसम के इस बदलाव से सुबह और रात में ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी बनी रह सकती है।

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, धनबाद और कोल्हान के पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं बारिश या बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, पूरे जिले में बारिश होना तय नहीं है।

दूसरी ओर पलामू, गढ़वा, चतरा, देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इन इलाकों में बारिश की संभावना कम है और धूप निकल सकती है।

तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम 28 और न्यूनतम 19 डिग्री, पलामू में 29 और 17 डिग्री, हजारीबाग में 29 और 19 डिग्री, बोकारो में 29 और 20 डिग्री, रामगढ़ में 29 और 18 डिग्री तथा जमशेदपुर में 31 और 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है।

सुबह के समय रांची, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, पलामू और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में हल्की धुंध या कुहासा छा सकता है। इसका असर खासकर सुबह के शुरुआती घंटों में दिखाई देने की संभावना है। खूंटी, गुमला और लोहरदगा जैसे इलाकों में भी सुबह-शाम ठंड महसूस हो सकती है।

5 से 9 नवंबर तक ऐसा रहेगा मौसम

5 नवंबर को सुबह हल्की धुंध के बाद आसमान साफ होने की संभावना है। 6 नवंबर से बारिश की गतिविधियां कम होकर मौसम शुष्क रह सकता है। 7 और 8 नवंबर को धूप निकलने के साथ सुबह-रात में ठंड का असर रहेगा। वहीं, 9 नवंबर को सुबह हल्की धुंध और दिन में धूप रहने के आसार हैं।

कुल मिलाकर झारखंड में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना घटने और रात के तापमान में गिरावट के संकेत हैं। हालांकि, दिन का तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के कारण दोपहर में गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं होगी।