विधि-विधान से हुई माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना 

रांची: प्रकाश का पर्व दीपावली देश भर में रविवार को उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। अवसर पर लोगों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों और दुकानों को आकर्षक विद्युत सज्जा, दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया। शाम होते ही चहुंओर दीपों की रोशनी जगमगा उठी। देर रात तक आतिशबाजी की गई।

राजधानी रांची सहित राज्य भर में दीपावली को लेकर सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने घरों की साफ-सफाई कर आकर्षक रंगोली बनाई और विधि-विधान से भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं गई।

दीपावली को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। मिठाई, सजावट, पूजा सामग्री और पटाखों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह दिखा। शाम से लेकर देर रात तक आतिशबाजी और पटाखों की गूंज सुनाई देती रही।

दीपावली के अवसर पर लोगों ने सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के संदेश के साथ प्रकाश पर्व का उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ।