
रांची: कचहरी रोड स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में रांची महानगर काली पूजा समिति के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन कांके विधायक सुरेश बैठा ने किया। उद्घाटन के साथ ही मां काली के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इस दौरान परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडाल पहुंचे।

उद्घाटन समारोह में विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि काली पूजा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी एकता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं।

वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अजीत सहाय ने पंडाल की कलात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि यह श्रद्धा और संस्कृति का सुंदर संगम है। ऐसे आयोजन झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को प्रदर्शित करते हैं।
समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना का अवसर उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता है। काली पूजा के माध्यम से समाज में सत्य, प्रकाश और एकता का संदेश देना उनका उद्देश्य है।

पारंपरिक थीम पर आधारित इस पंडाल को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से सुरक्षा और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष विनय सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अजीत सहाय, रवि कुमार पिंकू, राजन बर्मा, अनिल केसरी, संजय कुमार, बबलू बर्मा, मेहुल दूबे, रोहन सिंह, नंद किशोर सिंह चंदेल, विशाल सिंह, अनिकेत कुमार, अमर कुमार, अजीत कुमार और कुमार बंटी सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

