रामगढ़: छठ महापर्व को लेकर रामगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण हेतु रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने गुरुवार को विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।  इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और आने-जाने वाले रास्तों की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने थाना क्षेत्र के सभी प्रमुख और संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। 

वहीं उन्होंने गहरे पानी वाले घाटों पर गोताखोरों की तैनाती और प्राथमिक उपचार की सुविधा रखने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने कहा कि सभी घाटों पर गहराई के मद्देनजर बैरिकेडिंग जरूर सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से भी निगरानी की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शांतिपूर्ण छठ महापर्व का आयोजन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने और पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की भी अपील की।