रांची: झारखंड के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े और राज्य के संसाधनों का इस्तेमाल स्थानीय विकास में हो, इसके लिए कांग्रेस आर्थिक नीतियों का नया खाका तैयार करने में जुट गई है। इस उद्देश्य से बुधवार को होटल बीएनआर चाणक्य में ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ सम्मेलन में राज्य के आर्थिक भविष्य पर व्यापक मंथन हुआ।

ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से आयोजित सम्मेलन में डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, शिक्षाविद्, कानून विशेषज्ञ, उद्यमी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया। स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर विशेषज्ञों ने विचार रखे।

कार्यक्रम के आयोजक और प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड में प्राकृतिक संसाधनों के साथ प्रतिभाशाली युवाओं की भी कमी नहीं है। जरूरत इन क्षमताओं को सही दिशा देने की है। स्थानीय उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के अनुभव से ऐसा माहौल बनाने का प्रयास होगा, जिससे युवाओं का पलायन कम हो।

झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समानता और वंचित समुदायों के सशक्तीकरण में पेशेवरों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों तक अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों के साथ संवाद जारी रहेगा। इसका लक्ष्य झारखंड को ऐसा राज्य बनाना है, जहां हर परिवार को विकास के समान अवसर मिल सकें।

ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने जल, जंगल और जमीन से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों का अलग पैनल गठित करने की बात भी कही।

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि वर्ष 2017 में गठित प्रोफेशनल्स कांग्रेस का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को नीतिगत फैसलों से जोड़ना है। लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन ने भी देश के विकास में प्रतिभाशाली युवाओं और पेशेवरों की भूमिका को अहम बताया।

सम्मेलन की अध्यक्षता आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत कई नेता मौजूद रहे। संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया।