बुढ़मू (रांची): बुढ़मू प्रखंड के कंडेर में बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ पारंपरिक सोहराय जतरा मेले का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, भाजपा नेता स्वामी देवेंद्र प्रकाश, जतरा अध्यक्ष रघुवीर जायसवाल सहित कमेटी के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
मंच पर ग्रुप डांस सहित कई रंगारंग गीत-संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पारंपरिक धुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों पर लोग झूमते नजर आए। अतिथियों ने सोहराई पर्व की पौराणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। मेला में उमेडंडा, कंडेर, बुड़मू, सारले, आरिद, चैनगढ़ा सहित आसपास की पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जहां उन्होंने मेले में लगे झूलों, खेल-खिलौनों और व्यंजनों का जमकर आनंद लिया।
आयोजन को सफल बनाने में मोहन जायसवाल, विनोद मुंडा, अरुण यादव, सुदामा नायक, शमीम बड़ेहार, गोपाल तिवारी, सनोज यादव, सदन साहू, बलराम साहू, कमल मोदी, मनोज साहू, दिनेश यादव, सरफराज अहमद, बिट्टू शहदेव सहित अन्य ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

