रामगढ़: अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय स्थित सभाकक्ष में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें अंचल अधिकारी, थाना/ओपी प्रभारी और छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल रहे। बैठक में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीओ ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समितियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में इन घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और गोताखोर, चेंजिंग रूम, वाहन पार्किंग स्थल, वॉलेंटियरों की तैनाती से संबंधित निर्देश दिए गए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने छठ घाटों पर साफ-सफाई रखने और पहुंच मार्गों पर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने नदी और तालाबों में पानी की गहराई का आकलन कर बैरिकेडिंग कराने, घाट पर चेंजिंग रूम बनाने, गोताखोर और वॉलेंटियर तैनात रखने और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एसडीओ ने सभी पदाधिकारियों एवं पूजा समितियों से आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां ससमय पूर्ण करने तथा छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

