रामगढ़: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को रामगढ़ जिले के सभी छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया। अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने अपने परिवार के साथ छत्तरमांडू स्थित बड़की नदी छठ घाट पहुंचकर भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। 

छठ महापर्व के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों पर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई। सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पार्किंग एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नदी एवं तालाबों में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की गई है। जबकि खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर लाल झंडे लगाए गए हैं। इसके साथ ही गोताखोरों, स्वयंसेवकों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। 

वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर पुलिस प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन, वाहनों के सुचारु परिचालन एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी और जवान मुस्तैद रहे।