‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का हुआ आयोजन
लातेहार: झारखंड राज्य स्थापना के 26वें वर्ष और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को लातेहार में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार और पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने स्वामी विवेकानंद पार्क स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान जिले में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन किया गया। दौड़ में अधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ हुआ उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सूर्यनारायण छठ घाट पर श्रमदान कर साफ-सफाई की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित स्थानीय ग्रामीणों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए स्वच्छता की शपथ दिलाई।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। सभी को अपने घर, मोहल्ला और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करना चाहिए।

