निष्पक्ष जांच और पीड़ितों के सुरक्षा की मांग

रांची: भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिसमें आदीवासी महिलाओं से जुड़े चार मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। आदिवासी बेटियों को न्याय दिलाने और उनके सम्मान एवं सुरक्षा की आवाज बुलंद करने के लिए प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी तथा प्रदेशभर में आदिवासी महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध हस्तक्षेप करने की मांग की।

ज्ञापन में सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी किशोरी के कथित यौन शोषण के आरोप का मामला प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिकी पर समयबद्ध कार्रवाई के साथ पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। आशंका जताई गई कि पीड़िता को विधायक के आवास पर ले जाने और उस पर दबाव बनाने की कोशिश हो सकती है।

इसके अलावा युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत, सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ पुलिसकर्मी पर लगे दुष्कर्म के आरोप और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी में आदिवासी महिला के कथित यौन शोषण का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने का आग्रह किया।

भूषण बाड़ा से जुड़े मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों और संबंधित न्यूज चैनल के कार्यालय पर हुई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि पत्रकारों का दुर्भावनापूर्ण तरीके से उत्पीड़न किया गया है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे इन मामलों में हस्तक्षेप कर राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दें।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, अशोक बराइक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन एवं गंगोत्री कुजूर और पिंकी खोया उपस्थित रहीं।