रांची: झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 19 नवंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार, 18 नवंबर को राज्य के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

आज रांची, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और कोडरमा में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्की धुंध और कुहासा छा सकता है, जबकि दोपहर में बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने का अनुमान है।

सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी। दिन के तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। रांची में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 14 डिग्री, पलामू में 29 और 17 डिग्री, बोकारो में 28 और 16 डिग्री, हजारीबाग में 26 और 10 डिग्री तथा जमशेदपुर में 28 और 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 20 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के चार जिलों में भारी बारिश की आशंका है। वहीं, 21 नवंबर को दक्षिणी हिस्से के अलावा आसपास के मध्य और पश्चिमी झारखंड में भी तेज बारिश हो सकती है। 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है।

इधर, राज्य के कई शहरों में वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक जमशेदपुर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 133, फुसरो का 131, बोकारो का 129, गिरिडीह का 114 और देवघर का 88 दर्ज किया गया है। खराब वायु गुणवत्ता वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।