निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के ढांचे पर हुआ हादसा
चतरा/रांची: चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में बुधवार को हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी के बीच घायलों को उपचार के लिए एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार परियोजना के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के कार्य के दौरान हादसा हुआ है। बताया जाता है कि बुधवार तकरीबन 11: 45 बजे जंक्शन-1 पर निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का कुछ ढांचा गिर गया। इस दौरान काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि दो घायल बताए जाते हैं। मृतकों में औरंगाबाद (बिहार) निवासी बबलू कुमार, हजारीबाग निवासी बालेश्वर पासवान और टंडवा निवासी राजेंद्र सोनी शामिल हैं।
एनटीपीसी के मुताबिक, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। वहीं बताया जाता है कि कन्वेयर बेल्ट का निर्माण थायसनक्रुप कंपनी के द्वारा सिम्पलेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के माध्यम से कराया जा रहा है।
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्घटना पर दु:ख जताते हुए मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता और घायलों के समुचित इलाज को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। बहराल, हादसे की वजह साफ होने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल यहां श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और सेफ्टी गाइडलाइंस का अनुपालन सवालों में घिरती दिख रही है।

