हजारीबाग: पुलिस रिमांड पर रामगढ़ जेल से हजारीबाग लाया जा रहा अपराधी शुक्रवार की रात भागने के क्रम में घायल हो गया। धरपकड़ में एक दारोगा भी चोटिल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस बीती रात राहुल दुबे गिरोह से जुड़े तुषार मिश्रा को पुलिस रिमांड पर रामगढ़ जेल से हजारीबाग ला रही थी। इस बीच शौच के बहाने अभियुक्त ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया। धर पकड़ में तुषार के पैर में गंभीर चोट लगी है। जबकि एक दरोगा भी घायल हो गया।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने अस्पताल पहुंच घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने मीडिया को बताया कि कोर्रा थाना के एक होटल में हुई गोलीबारी के मामले में तुषार को रिमांड पर लिया गया था। रास्ते में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास तुषार ने शौच जाने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई। गाड़ी रुकते ही वह पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। पुलिसकर्मी तुरंत सतर्क हो गए और घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया। इस दौरान तुषार और पुलिस के बीच हाथापाई और धरपकड़ में तुषार का पैर टूट गया। वहीं सब इंस्पेक्टर पुन्नू यादव के पैर में भी गंभीर चोट लगी है।
उन्होंने कहा कि होटल पर हुई फायरिंग की साज़िश तुषार मिश्रा ने जेल से रची थी। उपचार के बाद तुषार से इस विषय में पूछताछ की जाएगी और गिरोह के अन्य अपराधियों की जानकारी प्राप्त की जाएगी।

