रामगढ़: अकवान चक्रवात के कारण खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के किसानों को सतर्क करते हुए दिशा-निर्देश जारी किया है। राज्य सरकार के दिशा निर्देश और उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग ने किसानों के लिए जरूरी दिशा निर्देश जारी किए हैं। जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और सहायक निबंधक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में तुरंत कार्रवाई और नियमित निगरानी करने को कहा गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार संभावित चक्रवाती बारिश और तेज हवाओं से खड़ी फसलों और कटी हुई उपज को बचाने के लिए किसानों को समय रहते जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगर किसी स्थानीय आपदा या फसल कटाई के बाद खेत में रखी फसल को किसी तरह का नुकसान होता है, तो बीमा कराए हुए किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर अपनी फसल के नुकसान की सूचना दर्ज करानी होगी। वहीं खड़ी फसलों को होने वाले बड़े नुकसान का आकलन बीमा इकाई स्तर पर फसल कटाई प्रयोगों के असल उपज आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा, जिसके लिए किसानों को अलग से सूचना देना जरूरी नहीं है।

किसान अपनी फसल के नुकसान की रिपोर्ट कृषि रक्षक पोर्टल, टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447, फसल बीमा ऐप या जिले में काम कर रही संबंधित बीमा कंपनी के हेल्पलाइन नंबर और नजदीकी पैक्स व प्रखंड कार्यालय के जरिए आसानी से कर सकते हैं। प्रशासन ने बीमा कंपनियों, प्रखंड अधिकारियों, पैक्स और क्षेत्रीय कर्मियों को आपसी तालमेल से तुरंत रिपोर्टिंग, नुकसान के आकलन और व्हाट्सएप समूह, संदेश, फोन कॉल व अन्य माध्यमों से किसानों तक समय पर सही जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी पात्र किसान को फसल बीमा के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

 

Photo symbolic