रामगढ़: मेरा युवा भारत और भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सिद्दो कान्हू स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर और भारतीय खेल प्राधिकरण रांची की कमलेश ठिकाना ने किया। युवाओं को संबोधित करते हुए खेल पदाधिकारी ने कहा कि इस खेल उत्सव का मकसद युवाओं को खेल से जोड़ना, उनकी खेल प्रतिभा को बढ़ावा देना और स्वस्थ व मजबूत भारत बनाने में युवाओं की भागीदारी पक्की करना है। कमलेश ठिकाना ने कहा कि नशा युवाओं को बर्बाद करता है, इसलिए युवाओं को अपनी ताकत और पराक्रम मैदान में खेल के जरिए दिखाना चाहिए।
प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग स्पर्धाएं रखी गईं। लड़कों के वर्ग में वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़ और गोला फेंक प्रतियोगिता हुई। लड़कियों के वर्ग में वॉलीबॉल, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद प्रतियोगिता हुई। सभी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
लड़कियों की लंबी कूद में पायल कुमारी पहले, खुशी कुमारी दूसरे और रिया तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कियों की 200 मीटर दौड़ में खुशी कुमारी पहले, पायल कुमारी दूसरे और रिया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों की 400 मीटर दौड़ में करण रजवार पहले, नितेश यादव दूसरे और देवांशु कुमार तीसरे स्थान पर रहे। गोला फेंक में अंकित सिंह पहले, सानू जैसवाल दूसरे और सत्येंद्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे। लड़कियों के वॉलीबॉल में पोचरा राइजिंग क्लब अ पहले और राइजिंग क्लब ब दूसरे स्थान पर रहा।
इस मौके पर माय भारत रामगढ़ के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने कहा कि युवाओं के पूरे विकास में खेलों की बड़ी भूमिका है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत रामगढ़ की अंजू कुमारी और विकास सुधांशु की अहम भूमिका रही। आयोजन के समन्वय में युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी सक्रिय रहे। कार्यक्रम में सिकंदर पांडे, मोनू कुमार, स्मृति भारद्वाज, मनीष पृथ्वी, सुधीर कुमार, धीरज कुमार, अनुराग कुमार और महेश कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

