रांची: बुंडू प्रखंड परिसर के सभागार भवन में शनिवार को अवैध अफीम की खेती की रोकथाम को लेकर जागरूकता बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने की।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और वन विभाग के पदाधिकारी के साथ बुंडू प्रखंड के सभी ग्राम प्रधान और मानकी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को पूरी तरह बंद करना और लोगों को इसके प्रति जागरूक करना था। बैठक के दौरान उपस्थित ग्राम प्रधानों और मानकियों ने अपने विचार रखे और प्रशासन को अवैध अफीम की खेती रोकने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 47 के तहत बैठक में उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों और मानकियों को नोटिस तामील कराया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने अवैध अफीम की खेती का बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने अफीम की खेती के बदले वाणिज्यिक और अन्य नकदी फसलों की खेती करने के प्रति जागरूक किया तथा प्रखंड स्तर से बीज एवं अन्य सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।

