अवैध पार्किंग पर कटा 22 हजार रुपये का चालान

पलामू: मेदिनीनगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने को लेकर ट्रैफिक पुलिस और जिला परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के तहत छह मुहान से लाल कोठ होते हुए बाजार क्षेत्र और लालकोठा के आसपास व्हाइट लाइन के बाहर अनियमित रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस, जिला परिवहन विभाग के सहायक महावीर कुमार और अन्य कर्मियों की मौजूदगी में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का ऑनलाइन चालान काटा गया। अभियान में कुल 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इस दौरान ट्रैफिक प्रभारी ने माइकिंग के माध्यम से शहरवासियों से अपील की कि अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित व्हाइट लाइन के अंदर ही पार्क करें। व्हाइट लाइन के बाहर वाहन खड़ा करने पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और परिवहन विभाग का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए इस तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा।