भुरकुंडा (रामगढ़): लपंगा पंचायत के आईएजी मैदान में रविवार को बिरसा जयंती समारोह सह जतरा मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शामिल होकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने झारखंड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पारंपरिक गीत संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रोशन लाल चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने लोगों से बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मनोज राम, अधिवक्ता किरण मुंडा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं जतरा मेले में भी लोगों की खूब चहल पहल देखने को मिली। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और खेल खिलौनों के स्टॉल लगाए गए थे। इसके अलावा चाट, चाउमीन, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ जुटी रही। मौके पर जतरा मेला समिति के सदस्यों ने अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
आयोजन में समिति के अध्यक्ष नागेंद्र बेदिया, उपाध्यक्ष तारणी बेदिया, सचिव राजेश महतो, कोषाध्यक्ष रवि करमाली सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।

