पतरातू (रामगढ़): खरवार भोगता समाज विकास संघ केंद्रीय समिति की बैठक रविवार को द वैली रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष दर्शन गंझू और संचालन केंद्रीय कोषाध्यक्ष कोलेश्वर गंझू ने किया। बैठक में समाज के संगठनात्मक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और जातीय जनगणना में आदिवासी धर्म कॉलम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 नवंबर को रामगढ़ जिले के मांडू स्थित परेज में समाज के पूर्व संरक्षक स्व. योधेश्वर सिंह भोगता की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। वहीं 15 दिसंबर को लातेहार जिले के चंदवा नगर में स्व. रामदेव गंझू की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी करने पर सहमति बनी। कार्यक्रमों में झारखंड के विभिन्न जिलों से समाज के लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

वहीं जातीय जनगणना में आदिवासी धर्म कॉलम को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनगणना के धर्म कॉलम में समाज के लोग अपना धर्म आदिवासी धर्म लिखेंगे। इसके अलावा केंद्रीय सम्मेलन आयोजित करने तथा आदिवासी धर्म कॉलम के मुद्दे को लेकर एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक प्रस्तावित पैदल यात्रा में शामिल होकर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने पर भी विचार विमर्श किया गया।

बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष रामनाथ गंझू, रामलखन गंझू, युवा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय प्रवक्ता देवनारायण गंझू सहित हजारीबाग, रामगढ़, रांची और लातेहार के जिला अध्यक्ष एवं विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष उपस्थित थे।