पुलिस की दबिश पर पिठौरिया जंगल में युवक को छोड़ा
 रांची रिंग रोड पर पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को पकड़ा

रामगढ़: भुरकुंडा थाना चौक के पास से बीते 23 नवंबर की शाम अगवा किए गए युवक को पुलिस ने बरामद कर लिया है। अपहरण में शामिल सभी पांच अभियुक्त गिरफ्तार कर लिए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में रांची के सुखदेवनगर थान निवासी धर्मेंद्र कुमार साव, राजामणि गुप्ता उर्फ बंटी, रौशन कुमार सिंह, घनश्याम सिंह और पतरातू थाना अंतर्गत रसदा निवासी पीयूष कुमार शामिल है। मामला रुपयों के लेन-देन से जुड़ा बताया जाता है।

इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 23 नवंबर की शाम भुरकुंडा से युवक से मारपीट कर अपहरण किया गया था। अपहृत युवक कमलेश ठाकुर उर्फ दिनेश शर्मा (42 वर्ष) मूलरूप से हरली, बड़कागांव जिला हजारीबाग का निवासी है। जो कि वर्तमान में रांची के सुखदेवनगर थाना अंतर्गत पंडरा में रहता है। कमलेश की पत्नी रिंकू देवी के आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचनाओं के आधार पर पुलिस ने अपहरण कर्ताओं पर दबिश दी। जिससे घबराकर उन्होंने कमलेश ठाकुर को पिठौरिया जंगल में छोड़ दिया। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। वहीं पुलिस ने बीती रात रांची रिंग पर लॉ कॉलेज (होसिर) के निकट घेराबंदी कर कार में प्रयुक्त कार (JH 01 CV 4472) जब्त करते हुए कांड में शामिल पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि रूपये के लेन-देन को लेकर इनमें विवाद था। 23 नवंबर को रांची से कमलेश ठाकुर की कार का पीछा करते हुए अभियुक्त भुरकुंडा पहुंचे और उसके साथ मारपीट कर जबरन कार में बैठा लिया। यहां से अभियुक्त उरीमारी, बड़कागांव, केरेडारी के रास्ते उसे गुमला तक ले गए थे।  उन्होंने बताया कि कांड में शामिल रौशन कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसपर एटीएस थाना में पूर्व से कांड दर्ज है।

छापेमारी दल में पतरातू सर्किल इंस्पेक्टर सत्येन्द्र कुमार सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार, मिंटू कुमार शर्मा, उपेन्द्र कुमार, नौशाद सदलबल शामिल थे।