तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव का हुआ समापन
बोकारो/रांची: बोकारो जिला स्थित संथाल समाज के आस्था केंद्र लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ में तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव मंगलवार को संपन्न हो गया। 22 नवंबर से शुरू हुए इस आयोजन में अंतिम दिन भी देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा रहा।

समापन समारोह में शामिल होने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे। जहां उन्होंने लुगू बाबा के थान पर पारंपरिक रीति से पूजा की और पूरे झारखंड के लिए अमन-चैन की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।
मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगुबुरू सिर्फ एक पहाड़ या पूजा स्थल नहीं है, यह आदिवासी समाज की आत्मा है। यहां आकर जो ऊर्जा मिलती है, वह जीवन भर काम आती है। उन्होंने बताया कि सरकार इस धाम को बड़े धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में सवारने में लगी है। ताकि आने वाली पीढ़ी अपने पूर्वजों की विरासत को देख और समझ सके, इसके लिए यहां संग्रहालय बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि यहां सीतानाला समेत आसपास के इलाकों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। कल्याण विभाग से कई काम पूरे हो चुके हैं और बाकी काम लगातार चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस आस्था केंद्र को ऐसी सुविधाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे इसकी पहचान देश ही नहीं, दुनिया भर में बने।
कार्यक्रम में मंत्री चमरा लिंडा, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, राज्य मंत्री फागू बेसरा और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी शामिल हुए। तीनों दिन तक राजकीय महोत्सव में राज्य के विभिन्न इलाकों के साथ नेपाल और भूटान से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

