भुरकुंडा (रामगढ़): कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को सौंदा दोमुहान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दामोदर नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इसके उपरांत मंदिर में पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर मंगलकामना की।

सुबह से ही दोमुहान पर लोगों का जुटान शुरू हो गया। नदी में स्नान करने के पश्चात श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और राम जानकी मंदिर पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत जरूरतमंदों को दान देकर श्रद्धालु पुण्य के भागी बने। कार्तिक पूर्णिमा पर मंदिर परिसर में मेले सा माहौल रहा। जहां खेल-खिलौनों और खाने-पीने के अलावा विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी रही। 

भुरकुंडा में छठ मंदिर कमेटी ने बांटा खीर 

कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को भुरकुंडा के नलकारी नदी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं स्नान-दान किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने छठ मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। अवसर पर भुरकुंडा छठ मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालु के बीच खीर का वितरण किया गया। प्रसाद पाने के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मौके पर छठ पूजा समिति के सदस्यों ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और भक्तों के प्रति आभार भी जताया।