बाबा साहेब के योगदान को किया याद, दी गई श्रद्धांजलि 

रांची: भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश कमेटी ने संविधान गौरव दिवस पर गुरुवार को रांची के कार्निवल बैंक्वेट हॉल में  संगोष्ठी का आयोजन किया। संगोष्ठी में भारतीय संविधान के महत्व, उसकी विशेषताओं और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संचालन अमर कुमार बाउरी ने किया। 

अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की थी। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान के मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात करना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

संगोष्ठी में राष्ट्रीय संघटक नागेंद्र नाथ, प्रदेश सह प्रभारी निवेदिता सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन कुमार साय, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, यदुनाथ पांडेय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र कृष्ण, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजन भारती सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।