मांडू (रामगढ़): कृषि विज्ञान केंद्र मांडू में गुरुवार को रबी कार्यशाला सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें रामगढ़ विभिन्न प्रखंडों से कुल 90 किसान शामिल हुए। कार्यशाला में प्रधान वैज्ञानिक सह झारखंड और छत्तीसगढ़ के राइस फॉलो मैनेजमेंट के नोडल अधिकारी डॉ. बी. के. झा और प्रधान वैज्ञानिक पहाड़ी एवं पठारी क्षेत्र कृषि प्रणाली अनुसंधान केंद्र रांची डॉ एस. माली विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने किसानों को क्षेत्र की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप फसल चयन करने तथा धान के बाद खेतों में उपलब्ध नमी का अधिकतम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने राइस फॉलो क्षेत्र में दलहन एवं तिलहन फसलों के विस्तार को किसानों की आय वृद्धि और टिकाऊ कृषि व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वरिष्ठ वैज्ञानिक-सह-प्रमुख डॉ. सुधांशु शेखर ने कहा कि धान की कटाई के बाद खेतों को खाली छोड़ने के बजाय उपलब्ध नमी एवं स्थानीय कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुसार रबी फसलों की खेती करना आवश्यक है। इससे किसानों को अतिरिक्त फसल प्राप्त होगी तथा प्रति इकाई भूमि से उत्पादन एवं आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कम अवधि वाली दलहन एवं तिलहन फसलों, उन्नत किस्मों तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच गेहूं, चना, सब्जी मटर, तीसी (अलसी), मसूर सहित अन्य रबी फसलों के उन्नत बीजों का वितरण किया गया। किसानों को इन फसलों की वैज्ञानिक खेती, बीज उपचार, बुवाई के उचित समय एवं उन्नत उत्पादन तकनीकों की जानकारी भी दी गई।
कार्यशाला में आत्मा रामगढ़, जिला पशुपालन, जिला मत्स्य और जिला उद्यान विभाग द्वारा तकनीकी स्टॉल भी लगाए गए। जिनके माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, उन्नत कृषि तकनीकों, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं बागवानी से संबंधित गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। वहीं कार्यक्रम में उप परियोजना निदेशक आत्मा रामगढ़ संजय मंडल ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं कृषि विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र मांडू की ओर से डॉ. इंद्रजीत, डॉ. धर्मजीत खैरवार, सनी कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

