विजेता यूसरा एरम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी हजारीबाग का प्रतिनिधित्व
हजारीबाग : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित नेहरू युवा केंद्र हजारीबाग द्वारा भाग्यमनी मैरिज हॉल मालवीय मार्ग हजारीबाग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन मूल्यों का अमृत काल में महत्व विषयक जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें हजारीबाग की विभिन्न प्रखंडों से स्क्रीनिंग के पश्चात चयनित 12 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सदर एसडीपीओ महेश कुमार प्रजापति उपस्थित थे।
मौके पर मुख्य अतिथि सदर एसडीपीओ महेश कुमार प्रजापति ने प्रतिभागी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हार जीत प्रतियोगिता का सिर्फ हिस्सा होता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को गतिशील व विचारशील बनाना है।
निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में जिला युवा अधिकारी रूद्र शेखर, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ जॉनी रूफीना तिर्की, हजारीबाग ऑल इंडिया रेडियो स्टेशन के माणिक चक्रवर्ती ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यूसरा एरम, द्वितीय स्थान स्नेहा सिंह एवं तृतीय स्थान देवी राजश्री ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता युसरा एरम प्रतियोगिता के अगली पड़ाव राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हजारीबाग जिला का प्रतिनिधित्व करेंगी। जिसमें विजयी होने पर यूसरा को संसद भवन में होने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आयोजित आगामी कार्यक्रम में भाग लेने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन नुपुर माला ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।