Nehru Yuva Kendra organized Youth Parliament in HazaribaghNehru Yuva Kendra organized Youth Parliament in Hazaribagh

हजारीबाग:  युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था नेहरू युवा केंद्र हजारीबाग द्वारा जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन कर्जन ग्राउंड हजारीबाग में शनिवार को किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता नेहरू युवा केंद्र संगठन झारखंड के पूर्व राज्य निदेशक विजय कुमार एवं मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेश कुमार प्रजापति, विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. जॉनी रूफीना तिर्की, नव झारखंड फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोरी राणा, युवा समाजसेवी चंदन सिंह, कराटे फेडरेशन के मुख्य प्रशिक्षक उदय कुमार, डीजी नॉमिनी राजकरण पांडे, युवा कवि पुष्कर कुमार पुष्प उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेहरू युवा केंद्र हजारीबाग के जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात गणेश वंदना व सरस्वती वंदना पर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया।

उद्घाटनकर्ता पूर्व राज्य निदेशक विजय कुमार ने नेहरू युवा केंद्र संगठन का परिचय एवं विश्व पटल में भारत के जी 20 अध्यक्षता का महत्व विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा शक्ति ऊर्जा को सही दिशा देने का काम नेहरू युवा केंद्र संगठन करता है। उन्होंने हर युवाओं को कौशल विकास का महत्व समझाते हुए हुनरमंद बनने के लिए प्रेरित किया।
जी 20 परिप्रेक्ष्य में भारत नवाचार में तेजी से अपना कदम आगे बढ़ा रहा है, हजारीबाग के युवा भी इस नवाचार की दुनिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

मुख्य अतिथि महेश कुमार प्रजापति ने विभिन्न प्रखंडों से पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम में शामिल हुए युवा से कहा कि उक्त कार्यक्रम से अर्जित ज्ञान को उपयोग अपने आस पड़ोस के परिवेश में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम करें।

जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यक्रम बुनियादी तौर पर युवाओं से जुड़ा हुआ है, भविष्य में भी नेहरू युवा केंद्र हजारीबाग युवाओं के हित में कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ जॉनी रुफिना तिर्की ने सामाजिक विकास में महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है, उन्हें यादृच्छिक रूप में कार्य करने दिया जाए तो वे समाज व देश का कायाकल्प कर देंगी।

नव झारखंड फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोरी राणा ने कहा कि हमारे क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, कई सारे मुद्दों के कारण उनकी प्रतिभा दबी की दबी रह जाती है। नेहरू युवा केंद्र संगठन प्रयास तो कर रहा है लेकिन सभी विभागों को युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कार्य करना चाहिए।

युवा कवि पुष्कर कुमार पुष्प ने सामाजिक अंतर्द्वंद पर बात करते हुए कहा कि भावी युवा नवाचार, सृजनशीलता व सतत् प्रयास के द्वारा देश के परिदृश्य को परिवर्तित कर देगा। युवा समाजसेवी चंदन सिंह युवाओं के अकर्मण्यता पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि समय रहते अगर हम नहीं जागे तो भावी भविष्य की परिकल्पना करना बैर है।

कार्यक्रम के दौरान 64 युवा मंडलों के बीच स्पोर्ट्स कीट का वितरण किया गया। उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए युवाओं को सम्मानित किया गया। जिसमें से आतिश आलोक, नुपुर माला, शशिकांत कुमार व अन्विता प्रियम ने भी अपने विचारों को साझा किया। 

वहीं पूर्व में आयोजित विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कराटे फेडरेशन द्वारा आत्म रक्षा कला का प्रदर्शन किया गया एवं झूमर नृत्य की प्रस्तुति की गई। मंच संचालन स्नेहा मुस्कान औल अमन हेंब्रम ने संयुक्त रूप से किया।

By Admin

error: Content is protected !!