चतरा: पुलिस ने एक कार से 164 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस इसे अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा मामला बता रही है।
एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर डाढा मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक सफेद कार (नंबर- UP14 CF 5803) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक और सवार लोग सिकिद नदी किनारे कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी में कार से 82 पैकेट गांजा मिला, जिसका कुल वजन 164 किलो है।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि नशीले पदार्थों की बड़ी खेप आने की सूचना पर अभियान तेज किया गया था। सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर वाहन मालिक की पहचान कर ली गई है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, एएसआई सफिक अंसारी सहित थाना पुलिस और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

