नगर परिषद रामगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं का हुआ चुनावी सम्मेलन
रामगढ़: हेमंत सोरेन बार-बार कहते हैं मेरा घर रामगढ़ में है, तो संथाल परगना के बरहेट में जाकर चुनाव क्यों लड़ते हैं। क्योंकि रामगढ़ की जनता उनके चेहरे को जानती है। उनके काले कारनामे को जानती है। यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने सोमवार को रामगढ़ में एक चुनावी सभा के दौरान पत्रकारों से कही।
रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव को लेकर रांची रोड में सोमवार को भाजपा रामगढ़ नगर परिषद के कार्यकर्ताओं के बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री राज्य सभा सांसद आदित्य साहू, मांडू विधायक जय प्रकाश भाई पटेल, उप चुनाव नगर परिषद प्रभारी कांके विधायक समरी लाल शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्जवलित कर सम्मेलन की शुरुआत की। सम्मेलन में नगर परिषद रामगढ़ के पदाधिकारियों ने अतिथियों को पुष्प और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष मनोज गिरी ने स्वागत भाषण दिया। संचालन संजय साह ने किया। सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने नगर परिषद क्षेत्र के सभी 15 वार्ड के सभी 40 बूथों के कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत को लेकर मार्गदर्शन दिये।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि रामगढ़ सहित पूरे राज्य में विकास ठप है। यूपीए की सरकार लूट-खसोट में लगी हुई है। तीन वर्षों में विकास का कोई काम नहीं हुआ। राज्य सरकार ने जनता को सिर्फ छलने का काम किया है। एनडीए उम्मीदवार सुनीता चौधरी के पक्ष में रामगढ़ की जनता मतदान करेगी और विकास विरोधी सरकार को नकार देगी।भाजपा के कार्यकर्ता एनडीए उम्मीदवार की भारी मतों से जीत सुनिश्चित करने में जुट जाए।
वहीं मांडू विधायक जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा कि 2019 से पहले रामगढ़ के लोग चैन से थे। केंद्र में मोदी और प्रदेश में रधुवर दास की डबल इंजन की सरकार ने विकास करने का काम किया। वर्तमान सरकार पिछले तीन से झारखंड के लोगों को छलने का काम कर रही है। यूपीए सरकार ने सिर्फ अपना विकास किया है, अवैध खनन कराया है और राज्य के लोगों को उनके अधिकार से वंचित रखा गया है।
राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस के नेताओं से पूछिए तीन वर्ष में कितना काम हुआ है? ये लोग विकास विरोधी है। वहीं समरीलाल ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। रामगढ़ उपचुनाव में इसबार एनडीए उम्मीदवार की जीत तय है।
सम्मेलन में टुन्नू गोप, राजेंद्र कुशवाहा, रणंजय कुमार, रंजीत कुमार सिन्हा, उमेश प्रसाद, रंजीत पांडेय सहित नगर परिषद रामगढ़ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहित अन्य शामिल रहे।