जदयू ने रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव को लेकर की प्रेसवार्ता
रामगढ़: ममता देवी रामगढ़ इलाके में फैले रावण रूपी राज को मिटाने और जनता को रावणराज से मुक्ति दिलाने के लिए चुनाव जीती थीं। यहां के मतदाताओं ने उनका समर्थन किया था। इधर, जिस तरह रावण ने सीता के साथ छल प्रपंच करके, उन्हें ठगकर लंका ले गया था। ठीक उसी तरह आजसू के नेता ने षडयंत्र के तहत ममता देवी को हजारीबाग जेल में डालने का काम किया है। पुनः वे लोग रामगढ़ में रावण राज स्थापित करना चाह रहे हैं। उस वक्त लंका दहन करनेवाले बजरंगबली थे, आज बजरंग महतो है। यह बाते जदयू नेता सह पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो ने मंगलवार को रामगढ़ आयोजित प्रेस वार्ता में कही।
रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव को लेकर शहर के होटल ला मेरीटल में जनता दल यूनाइटेड ने प्रेस कांफ्रेंस की। प्रेस कांफ्रेंस में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो, राज्य सभा सांसद खीरू महतो, पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो, सूबे के पूर्व उर्जा मंत्री जलेश्वर महतो मौजूद रहे।
अवसर पर राज्य सभा सांसद खीरू महतो ने कहा कि ममता देवी संघर्ष करके आगे बढ़ी थी। अपने बूते जिला परिषद का चुनाव जीती। आजसू के लोग उन्हें परेशान करते रहे। जिला परिषद होने के नाते उन्होंने गोला आईपीएल आंदोलन में अपनी जनता का साथ दिया। आजसू ने साजिश करके उन्हें जेल भिजवाया। ममता देवी बाहर आई और फिर संघर्ष करके विधायक बनीं। इससे तिलमिलाए हुए आजसू के लोगों ने षडयंत्र करके उन्हें फिर जेल भिजवा दिया। ये आजसू अपने स्वजातीय लोगों तक को भी नहीं छोड़ती है। जदयू रामगढ़ की जनता से कांग्रेस पत्याशी बजरंग महतो की जीत सुनिश्चित करने की अपील करती है।
वहीं सूबे के पूर्व उर्जा मंत्री लालचंद महतो ने कहा कि आजसू का जो यहां आतंकवादी सम्राज्य था, जो गुंडागर्दी का राज था उसे मिटाने के लिए पूर्व में लोगों ने ममता देवी को जीताकर इसे समाप्त करने का कार्य किया था और सफल भी हुए थे। लालचंद महतो ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर गुंडागर्दी के विरोध में, शराब खोरी के विरोध में और नीति विहीन के विरोध में अगर इसे पूरी तरह से मिटाना है तो कांंग्रेस उम्मीदवार बजरंग महतो को हाथ छाप पर वोट देकर विजयी बनायें।