बड़ी खबर: उत्तराखंड के सियालक्यारा सुरंग में फंसे सभी मजदूर बाहर निकले

उत्तराखंड: उत्तरकाशी जिले के निर्माणाधीन सियालक्यारा सुरंग में 17 दिनों से फंसे सभी 41 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है। आज मंगलवार की रात  पहले मजदूर के बाहर निकलने के बाद लगभग 38 मिनट में एक-एक कर सभी मजदूरों को निकाला गया। 

सभी मजदूर सुरक्षित बताएं जा रहे हैं। मजदूरों के बाहर आने पर सुरंग के निकट उनके परिजन भावुक हो उठे। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फूल मालाओं से मजदूरों का स्वागत किया। उनसे बात की और  हाल जाना।  फिलहाल मजदूरों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया है। जहां  मेडिकल टीम की निगरानी में रहेंगे हैं। जिससे स्वास्थ्य संबंधित किसी प्रकार की परेशानी पर बेहतर इलाज मुहैया हो सके।

अभियान पूरा होने के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्प सिंह धामी ने प्रेसवार्ता में कहा कि यह खुशी का अवसर है। रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी लोगों को बहुत आभार है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद काफी चिंता थी। लेकिन सुरंग में फंसे मजदूरों से संपर्क होने और अंदर के हालात जानने के बाद यह लगने लगा कि हम सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर जरूर निकाल लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 17 दिनों में मामले पर प्रधानमंत्री मोदी को पल-पल की रिपोर्ट दी जाती रही। सभी मजदूरों की सुरक्षित रेस्क्यू के बेहतर टीम और संसाधन लगाए गए। सभी ने सफलतापूर्वक बड़े रेसक्यू अभियान को बखूबी अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि सभी मजदूर फिलहाल डॉक्टर्स के सुपरविजन में रहेंगे।

इधर, मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने से देश भर में हर्ष का माहौल है। सुरंग के मुहाने पर खुशी के इस मौके पर लड्डू भी बांटे गये।वहीं सोशल मीडिया पर देशवासी खुशी का इजहार करते हुए रेसक्यू अभियान में शामिल लोगों का आभार जता रहे है।  देश के करोड़ों लोगों की प्रार्थना रंग लाई है। वहीं 17 दिनों बाद सुरंग में फंसे मजदूरों के घरों में खुशियां वापस लौटी हैं।

By Admin

error: Content is protected !!