जिला प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की
रामगढ़: जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण पतरातू के नलकारी डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जलस्तर के जल्द ही निर्धारित उच्चतम स्तर पर पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा के मद्देनजर डैम का फाटक किसी भी समय खोला जा सकता है। ऐसे में नदियों और अन्य जल स्रोतों में पानी अचानक बढ़ सकता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजनों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि नदियों, डैम, जलाशयों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। साथ ही जल स्रोतों में प्रवेश करने या उनके समीप जाकर जोखिम लेने से बचें। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को जल स्रोतों के आसपास जाने से रोकें।
प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को भी स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार आमजनों को सतर्क करने का निर्देश दिया गया है। बताते चलें कि मंगलवार सुबह 11 बजे डैम का जलस्तर 1326.4 RRL पर पहुंच गया। जबकि 1327.5 RRL पर डैम का फाटक खोला जा सकता है।
