रांची: सावन माह में शिवभक्ति का उल्लास चरम पर है। शुक्रवार को राजधानी के अपर बाजार स्थित रंगरेज गली से करीब 100 कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले सभी श्रद्धालु पैदल पहाड़ी मंदिर पहुंचे, जहां पहाड़ी बाबा के दर्शन-पूजन कर सफल और मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की।

पूजा-अर्चना के बाद ‘हर-हर महादेव’और ‘बोलबम’ के जयघोष के बीच श्रद्धालु 12 चक्का वाहन से अपनी धार्मिक यात्रा पर निकले। यात्रा के दौरान श्रद्धालु कोडरमा, भद्रकाली, राजगीर, अशोक धाम, सुल्तानगंज, बाबा बैद्यनाथ धाम, बासुकीनाथ और तारापीठ सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।

श्रद्धालुओं ने बताया कि सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर वे पैदल देवघर पहुंचेंगे और 13 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे। उनका कहना है कि अपर बाजार की रंगरेज गली से हर वर्ष सावन में यह धार्मिक यात्रा निकाली जाती है, जिसमें महिला और पुरुष श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।

जत्थे में विशाल शर्मा, नंदलाल शर्मा, ममता देवी, अनिता अग्रवाल, रूबी देवी, आन्या शर्मा, काजल वर्मा, डोली शर्मा, पूजा, नरेंद्र गोपी समेत अन्य शिवभक्त शामिल हैं। 

By Admin

error: Content is protected !!