सोनू प्रताप सिंह ने जीता स्वर्णरजत पदक, राजेश कुमार महतो ने जीता कांस्य 

रामगढ़: 16वीं झारखंड राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में रामगढ़ जिले के निशानेबाज़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को  राज्य भर में गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में रामगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार निशानेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्णिम उपलब्धियां अपने नाम की है।

प्रतियोगिता में सोनू प्रताप सिंह ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल (एनआर सीनियर वर्ग) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल (आईएसएसएफ श्रेणी) में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं राजेश कुमार महतो ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया।

रामगढ़ के खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उपायुक्त ऋतुराज ने खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और जिले के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रामगढ़, झारखंड और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर खिलाड़ी उच्च मुकाम हासिल करते हैं और रामगढ़ के इन खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिखाया है।

रामगढ़ डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन के सचिव विवेक पंकज ने भी सोनू प्रताप सिंह और राजेश कुमार महतो को उनकी शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण के कारण रामगढ़ शूटिंग के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर रहा है तथा आने वाले समय में जिले के और भी खिलाड़ी इस खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

जिले के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी दोनों पदक विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

By Admin

error: Content is protected !!