AJSU student union protested against the fee of Rs 2100 for the convocation ceremony.

 

रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय का मामला, ज्ञापन सौंपने के दौरान गहमागहमी 

रांची: रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय मोरहाबादी में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह के लिए छात्रों से 2100 रुपये शुल्क लिए जाने का आजसू छात्र संघ ने विरोध किया है। शुल्क में कटौती करने सहित छात्रों की अन्य समस्याओं को लेकर मंगलवार को आजसू छात्र संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो के नेतृत्व में रजिस्ट्रार कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचा था। ज्ञापन सौंपने के दौरान कथित दुर्व्यवहार की सूचना के बाद हंगामा हो गया।

बबलू महतो ने कहा कि झारखंड में छात्रों को अक्सर आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल दीक्षांत समारोह के लिए लिए जा रहे 2100 रुपये शुल्क में कटौती की मांग को लेकर रजिस्ट्रार से मिलने पहुंचा था। रजिस्ट्रार ने कमेटी के साथ बैठक कर मामले पर संज्ञान लेने की बात कही है। छात्रों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शुल्क में राहत देना जरूरी है और केवल आश्वासन नहीं, ठोस निर्णय होना चाहिए।

वहीं महानगर अध्यक्ष अमन साहू ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने तक संगठन विरोध जारी रखेगा और प्रस्तावित दीक्षांत समारोह का भी विरोध किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर तालाबंदी की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

आजसू छात्र संघ नेताओं का आरोप है कि रजिस्ट्रार कार्यालय में उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और कुछ समय के लिए हिरासत में रखा गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रार के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि, इन आरोपों पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से देर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। 

बहराल प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर मुस्तैद रही और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान प्रदेश सचिव राजेश सिंह, प्रदेश सचिव सक्षम झा, रवि रोशन, मानस सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

By Admin