यार्ड की सफाई को लेकर दिया 30 दिनों का अल्टिमेटम 

रामगढ़: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने आज मुर्रामकला स्थित डंपिंग यार्ड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां वर्षों से पड़े पुराने कचरे (legacy waste) के निस्तारण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यरत एजेंसियों से कचरे के उठाव, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय बनाकर 30 दिनों के अंदर मुर्रामकला डंपिंग यार्ड में पड़े पूरे कचरे की सफाई पूर्ण करें।

उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता के लिए सिर्फ डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण ही काफी नहीं है, पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कचरा संग्रहण से लेकर निष्पादन तक पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा सड़क, नाली या खुले में न फेंकें, बल्कि कचरा संग्रहण वाहन को ही दें और गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करके दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रामगढ़ के निर्माण में प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

गौरतलब है कि नगर परिषद रामगढ़ क्षेत्र में 01 सितंबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य पुनः शुरू कर दिया गया है। घर-घर से नियमित कचरा संग्रह कर उसका उचित निस्तारण किया जा रहा है। मौके पर छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

 

झारखंड के सभी जिलों में स्वाइन फ्लू की जांच जल्द शुरू करने का निर्देश जारी

By Admin