नशे को ना कहें, जिंदगी को चुनें : उपेंद्र कुमार
भुरकुंडा (रामगढ़): सौंदा ‘डी’ हाई स्कूल में बुधवार को भुरकुंडा पुलिस ने नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार की अगुवाई में नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई। शिविर में लोगों को शराब, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट समेत अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की गई। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया गया।

अवसर पर ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। नशे के जाल में फंसकर युवा न सिर्फ अपना बहुमूल्य जीवन बर्बाद कर रहे हैं बल्कि अपने परिवार के लिए समस्याएं पैदा कर रहे हैं। नशे में अपराध और सड़क दुघर्टना की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक होने की जरूरत है। नशे से समाज को मुक्त रखने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है।
वहीं उन्होंने छात्रों को साइबर ठगी से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के उपयोग में सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अंजान व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, दस्तावेज और ओटीपी कभी साझा नहीं करें। फोन के प्राइवेसी और सिक्योरटी फीचर का उपयोग जरूर करें।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए ओपी प्रभारी ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट जरूर लगाएं। इसके अलावा रफ्तार पर नियंत्रण रख दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
मौके प्राचार्य अनुज कुमार खत्री, पंचायत प्रतिनिधि डब्लू पांडेय,उप मुखिया संजय भारती, हरि शंकर साहू, अन्य शिक्षक और शिक्षिका सहित दोनों विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद थे।
