खूंटी/रांची: कर्रा थाना क्षेत्र में तिग्गा नदी पुल के नीचे शनिवार को बोरे में बंद एक अज्ञात युवती का शव पाया गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और जांच-पड़ताल में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार तिग्गा पुल के नीचे शनिवार को सुबह तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों की नजर बोरे पर पड़ी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची कर्रा थाना पुलिस बोरा खोलकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करते हुए शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया। युवती की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास बताई जाती है।
संभावना जताई जा रही है कि अन्यत्र युवती की हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर पुल के नीचे फेंका गया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इसका खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। खबर लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
