रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शनिवार को समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित एनआईसी सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने SIR प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और जन-अनुकूल तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रांची विवेक कुमार सुमन सहित सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मौजूद रहे।

मंजूनाथ भजंत्री ने जनसहयोग सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर हेल्पडेस्क स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को SIR से जुड़ी जानकारी और आवश्यक सहायता आसानी से मिलनी चाहिए।

अधिकारियों को BLO और सुपरवाइजर के साथ समन्वय बनाकर मतदाताओं को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया। SIR प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र मतदाता किसी भी परिस्थिति में मतदाता सूची से बाहर नहीं छूटना चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की निगरानी और बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।