रांची: झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा 2026 के तहत मुख्य समारोह को लेकर शुक्रवार को खेलगांव स्थित कार्यक्रम स्थल पर ब्रिफिंग की गई। जिसू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि समारोह का सफल आयोजन सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी पूरी गंभीरता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट साइनेज लगाने, आने वाले लोगों के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था तथा फ्लेकार्ड डिस्प्ले की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को आवश्यक सूचनाएं एवं दिशा-निर्देश आसानी से उपलब्ध हो सकें।

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए यातायात प्रबंधन, वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग की व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश द्वारों पर उचित तरीके से फ्रिस्किंग एवं जांच सुनिश्चित की जाए।

ब्रीफिंग के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय द्वारा सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्तादेश में निर्धारित उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ड्यूटी स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने समारोह में शामिल होने वाले सभी अतिथियों एवं आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।