रांची: बीते 24 सितंबर को रांची रेलवे स्टेशन से लापता चार वर्षीय विवान कुमार को रांची पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे की तलाश के क्रम में पुलिस ने धनबाद में एक आरोपी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर साहिबगंज के तीनपहाड़ में छापेमारी कर विवान को बरामद किया गया। मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस के मुताबिक बीते 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ जाने के लिए अपनी मां और बहन के साथ विवान रांची स्टेशन पहुंचा था। जहां से वह लापता हो गया था। विवान के लापता होने के बाद उसकी तलाश के लिए लगातार मोबाइल लोकेशन और दूसरे तकनीकी इनपुट खंगाले जा रहे थे। जांच के दौरान बच्चे से जुड़े सुराग धनबाद रेलवे स्टेशन के आसपास मिले। इसके बाद रांची पुलिस ने धनबाद पुलिस और आरपीएफ को जानकारी देकर निगरानी बढ़ाई।
शनिवार देर रात वनांचल एक्सप्रेस के धनबाद पहुंचने पर पुलिस ने साहिबगंज के तीनपहाड़ निवासी राहुल बनर्जी को पकड़ लिया। पूछताछ में मिले सुराग के बाद टीम साहिबगंज पहुंची और तीनपहाड़ में छापेमारी कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, राहुल के अलावा चार अन्य आरोपियों को साहिबगंज पुलिस की मदद से पकड़ा गया है। कार्रवाई में धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के साथ संथाल परगना आईजी का भी सहयोग रहा।
जांच में पुलिस को बच्चों को दूसरे स्थानों पर ले जाकर भीख मंगवाने और छोटे-मोटे अपराधों में इस्तेमाल किए जाने वाले गिरोह से आरोपियों के संपर्क की जानकारी मिली है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवान को स्टेशन से किस तरह और कब दूसरे स्थान पर ले जाया गया। बच्चे को रांची लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Image courtesy Ranchi police/social
