15 अगस्त को सीएम हेमंत सोरेन करेंगे झंडोत्तोलन
रिपोर्ट- एस. अंसारी
रांची: स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां गुरुवार को अंतिम चरण में पहुंच गईं। मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल कर परेड, सुरक्षा और कार्यक्रम की हर बारीकी को परखा गया। मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तिरंगा फहराएंगे। रिहर्सल में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी गतिविधियां कराई गईं और कमियों को चिन्हित किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रवेश से पहले सघन जांच होगी। आपत्तिजनक सामान ले जाने पर रोक रहेगी। अधिकारियों को लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मैदान और आसपास के क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पूरी रोक लगाई गई है। केवल अधिकृत विभागीय ड्रोन से ही फोटो और वीडियोग्राफी की अनुमति होगी। रिहर्सल में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची पुलिस, गृहरक्षा वाहिनी और एनसी की टुकड़ियों ने भाग लिया। जैप-1, जैप-10 और गृहरक्षा वाहिनी की बैंड भी प्रस्तुति देगी। परेड की कमान 2022 बैच के आईपीएस राघवेंद्र शर्मा संभालेंगे। वह वर्तमान में रामगढ़ में पदस्थापित हैं। सेकेंड इन कमांड अनिश मोमिन कुजूर होंगे।
उपायुक्त ने की ब्रीफिंग
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संयुक्त ब्रीफिंग में सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को समय पर ड्यूटी पर पहुंचने और मुख्य अतिथियों की व्यवस्था पुख्ता रखने का निर्देश दिया। प्रशासन का लक्ष्य है समारोह सुरक्षित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो।
