रामगढ़: कलश स्थापना के साथ रविवार को शारदीय नवरात्र आरंभ हो गया। श्रद्धालु मां दुर्गा की अराधना में जुट गए हैं। इसके साथ ही घुटूवा और बरकाकाना में पूजा समितियां तैयारियों में जोर-शोर से जुट गई है। मूर्तिकार भी प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। वहीं कारीगर पंडाल निर्माण और साज-सजावट में लग गए हैं।

नयानगर घुटूवा में भव्य पूजा पंडाल का काम अंतिम चरण में है। पश्चिम बंगाल से पहुंचे कारीगर पंडाल बनाने में पूरी तन्मयता से लगे हुए हैं। बताया जाता है कि पंडाल की चौड़ाई 95 फीट और ऊंचाई 75 फीट से अधिक रहेगी।

वहीं घुटूवा मैदान में बड़ा मेला लगाया जा रहा है। जिसमें मौत का कुंआ, आकाश झूला, नाव झूला, सहित दर्जनों छोटे-बड़े झूले लगाएं जा रहे हैं। यहां विभिन्न प्रकार की दुकानें और स्टॉल भी जल्द सजे-धजे दिखेंगे। दुर्गा पूजा को लेकर यहां चहल-पहल काफी बढ़ी हुई दिख रही है।

इसके अलावा बरकाकाना के स्टेशन कॉलोनी स्थित गांधी मैदान में आकर्षक पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। जिसकी ऊंचाई 75 फीट और चौड़ाई है। बताया जाता है कि यहां स्वचलित मूर्तियों और साउंड के साथ महिषासुर मर्दन का दृश्य देखने को मिलेगा। आकर्षक विद्युत सज्जा भी की जाएगी।

वहीं ट्रैफिक कॉलोनी के चिल्ड्रन पार्क और लोको कॉलोनी में भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं। आकर्षक विद्युत सज्जा की तैयारियां हो रही हैं। दुर्गा पूजा को लेकर मुख्य सड़क पर रोशनी की व्यवस्था की जा रही है और जगह-जगह तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था होगी बड़ी चुनौती
बरकाकाना क्षेत्र के सभी पूजा पंडाल मेन रोड से करीब है। दूर-दराज से हजारों की संख्या में लोग मां दुर्गा का दर्शन करने और घुटूवा का मेला घूमने आते हैं। जिससे वाहनों का आवागमन अप्रत्याशित रूप से काफी बढ़ जाता है। ऐसे में पूजा के दौरान यहां सरकारी गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत अनुपालन और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहेगी।


