भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा कोयलांचल में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समितियों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समितियों के सदस्य पूजा पंडाल के साथ साज-सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए तत्परता से जुटे हुए हैं। 

रिवर साइड मेन रोड पर गांधी पार्क में इस वर्ष भी आकर्षक और भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पूजा समिति की ओर से तैयार कराए जा रहे इस पंडाल की अनुमानित लागत करीब 4.5 लाख रुपये बताई जाती है। पंडाल की ऊंचाई लगभग 70 फीट और चौड़ाई करीब 60 फीट रखी गई है। पंडाल निर्माण में जुटे स्थानीय कारीगर इसकी संरचना को मजबूत बनाने और आकर्षक स्वरूप देने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। गांधी पार्क सहित मुख्य सड़क और आसपास रोशनी की व्यवस्था और विद्युत सज्जा देखने को मिलेगी। 

सौंदा डी वर्कर्स क्लब दुर्गा मंडप में भी आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यहां पंडाल की ऊंचाई और चौड़ाई लगभग 60-60 फीट रखी गई है। पंडाल निर्माण के साथ-साथ मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। बताते चलें कि पूजा के दौरान आयोजित होने वाली विशेष संध्या आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। आरती के समय क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो जाता है और दूर-दराज से भी लोग मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। 

पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह है। लोग पंडाल निर्माण की प्रगति देखने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में पंडालों की सजावट, विद्युत रोशनी और अन्य तैयारियां पूरी होने के बाद पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आएगा।

यह भी पढ़ें –भुरकुंडा कोयलांचल में दुर्गा पूजा की तैयारी जोरों पर, कई जगह बन रहे आकर्षक पंडाल