मांडू (रामगढ़): पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को मांडू के हेसागढ़ा में विदेशी शराब लदा ट्रेलर पकड़ा। जिसपर लोड 103 कार्टन में रॉयल स्टैग की कुल 1236 बोतलें बरामद की गई। शराब की वैधता से संबंधित कोई कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब समेत वाहन को जब्त कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर ढाई बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली की मांडू थाना अंतर्गत हेसागढ़ा में एक पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रेलर (JH 02 BU 6500) पर अवैध शराब लदा है। सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ आलोक रंजन के नेतृत्व में टीम का गठन किया। टीम ने हेसागढ़ा स्थित इण्डियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर ट्रेलर की चेकिंग की। वाहन के डाला में 103 कार्टन में कुल 1236 बोतल शराब (कुल 927 लीटर) पाया गया। सभी बोतलों पर ” FOR SALE IN HARYANA ONLY” अंकित पाया गया।
जांच के क्रम में शराब के संबंध में किसी के द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। जिसपर पुलिस शराब समेत ट्रेलर जब्त कर थाने ले आई। मामले को लेकर मांडू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेत्तर कारवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में मांडू थाना प्रभारी सदानन्द कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुकमनी सदलबल शामिल थे।
