विधायक ने रखी निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग 

हजारीबाग: सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती से गुरुवार को शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। विधायक ने शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, जनसुविधा एवं शहर के विकास से संबंधित कई गंभीर विषयों को प्रमुखता से उठाया ।

बैठक के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों पर एक ही दुकान से किताब, जूता एवं स्कूल ड्रेस खरीदने का दबाव बनाने तथा री-एडमिशन फीस के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की मनमानी अभिभावकों के हितों के खिलाफ है और इससे आम परिवार आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि विद्यालयों और संबंधित दुकानदारों की कथित साठगांठ की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही अभिभावकों को अपनी सुविधा और आर्थिक क्षमता के अनुसार किसी भी दुकान से सामग्री खरीदने की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जाए।

वहीं शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने हजारीबाग को जाममुक्त एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते वाहनों और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में उन्होंने मिशन स्कूल रोड में किए गए पिलरिंग को हटाने की मांग उठाई, ताकि सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम हो सके और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

विधायक ने शहर में मौजूद सूखे एवं जर्जर पेड़ों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बारिश एवं तेज हवा के दौरान ऐसे पेड़ कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसलिए नगर क्षेत्र में चिन्हित कर खतरनाक एवं जर्जर पेड़ों को शीघ्र हटाने की आवश्यकता है, ताकि जनहानि एवं दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी विधायक प्रदीप प्रसाद ने कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखीं। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने पोस्टमार्टम व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं त्वरित बनाने की आवश्यकता बताई, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बैठक में निजी नर्सिंग होमों में व्याप्त कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक ने कहा कि कई निजी स्वास्थ्य संस्थानों में मनमानी शुल्क वसूली एवं अन्य शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इसके अतिरिक्त मिशन स्कूल ग्राउंड के सौंदर्यीकरण एवं वहां आधुनिक सुविधाओं के विकास को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि यह मैदान शहर के लोगों, युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण स्थल है, इसलिए इसे बेहतर सुविधाओं से विकसित किया जाना चाहिए।

उपायुक्त हेमंत सती ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

By Admin

error: Content is protected !!