पिठौरिया(कांके): पिठौरिया के इचापीड़ी पंचायत स्थित खेल मैदान में खिलाड़ियों के लिए लंबे समय से बाधा बने बिजली के पोल को हटवा दिया गया है। बारह पड़हा सोहराई डायर जतरा के तहत फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन को देखते हुए यह कदम उठाया गया। पोल मैदान के बीच में होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास और मुकाबले के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता था।

बारह पड़हा फुटबॉल समिति के अध्यक्ष की मांग पर मुखिया लाखो उरांव और उपमुखिया मो. गुफरान अंसारी ने बिजली विभाग से संपर्क कर पोल हटाने की पहल की। विभाग के सहयोग से मैदान के बीच से पोल हटाया गया। इस कार्य में बिजली विभाग के एसडीओ के अलावा नईम अंसारी, अकबर अंसारी और इमरान अंसारी की भूमिका रही।

पोल हटने से अब मैदान में फुटबॉल खेलने और टूर्नामेंट आयोजित करने में बाधा नहीं आएगी। इस मौके पर नवी केरकेट्टा, राहुल उरांव, अंकुर सहित कई स्थानीय खिलाड़ी मौजूद थे।