देशभक्ति गीतों से गूंजा विद्यालय परिसर

पतरातू (रामगढ़): एसएस प्लस टू हाई स्कूल पतरातू में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे की ध्वजा और देशभक्ति गीतों से गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र रविदास द्वारा मुख्य द्वार पर ध्वजारोहण कर किया गया। तिरंगा लहराते ही उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया और देश की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष लक्ष्मी देवी उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य रविंद्र रविदास ने कहा कि स्वतंत्रता हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है। आजादी की रक्षा करना और देश को आगे बढ़ाना आज की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, शिक्षा और संस्कार के साथ आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष लक्ष्मी देवी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के बिना कोई भी राष्ट्र विकसित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और हमें उन पर गर्व है। उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार साहू ने भी छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई कर उज्ज्वल भविष्य बनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत किए गए। “वंदे मातरम”, “सारे जहां से अच्छा” जैसे गीतों पर पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में डूब गया।

मौके पर विद्यालय के शिक्षक प्रमोद प्रकाश सिंह, दिनेश्वर महतो, आनंद कुमार चितलांगया, अजय कुमार, निर्मला कुमारी, अंशु, नीलम तिर्की, श्वेता कुमारी, उमूल सोरेन, विवेक उरांव, विनोद कुशवाहा, फैजल मलिक, नूर आलम आजमी, सोनाली कुमारी, अजीत कुमार एवं दीपक कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी समारोह में शामिल हुए।

 

 

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

By Admin

error: Content is protected !!